जौनपुर। शासन ने उत्तर प्रदेश पालिका (केन्द्रीयित) प्रशासी सेवा की अधिकारी अंजनी मिश्रा का स्थानांतरण करते हुए उन्हें शाहगंज नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी पद पर तैनात किया है। इससे पहले वह नगर पालिका परिषद बिल्हौर में अधिशासी अधिकारी के रूप में कार्यरत थीं।
जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार जनहित एवं शासकीय कार्यहित को दृष्टिगत रखते हुए अंजनी मिश्रा का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण किया गया है। शाहगंज नगर पालिका परिषद में अधिशासी अधिकारी का पद रिक्त होने के कारण उनकी नियुक्ति वहां की गई है।
शासन ने उन्हें वर्तमान तैनाती स्थल से स्वतः कार्यमुक्त करते हुए निर्देश दिया है कि वे अपने नवीन तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करें तथा इसकी सूचना शासन एवं नगरीय निकाय निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ को अविलंब उपलब्ध कराएं।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शासन के निर्देशों की अवहेलना अनुशासनहीनता मानी जाएगी, जिसके लिए संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।


