• Sat. May 23rd, 2026

    सेवा भारती के ‘किशोरी विकास प्रशिक्षण वर्ग’ का शुभारंभ, संस्कार और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर

    Share

    वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन के साथ शुरू हुआ नौ दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग, 29 मई तक चलेगा आयोजन

    जौनपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आनुषांगिक संगठन सेवा भारती समिति काशी प्रांत द्वारा आयोजित तथा सेवा भारती जिला जौनपुर एवं जौनपुर विभाग के संयोजन में “किशोरी विकास प्रशिक्षण वर्ग” का भव्य शुभारंभ मां दुर्गा विद्यालय, सिद्धिकपुर में वैदिक मंत्रोच्चार, भूमि पूजन एवं हवन-पूजन के साथ संपन्न हुआ। श्रद्धा, उत्साह और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से ओतप्रोत वातावरण में शुरू हुआ यह प्रशिक्षण वर्ग 29 मई 2026 तक संचालित होगा।

    प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य बालिकाओं एवं किशोरियों के सर्वांगीण विकास, संस्कार संवर्धन, आत्मनिर्भरता, आत्मविकास, सामाजिक जागरूकता तथा राष्ट्रभावना को सुदृढ़ करना है। उद्घाटन अवसर पर यज्ञ एवं हवन के माध्यम से वर्ग के सफल, अनुशासित और संस्कारमय संचालन की मंगलकामना की गई। कार्यक्रम स्थल राष्ट्रभक्ति, सेवा और भारतीय संस्कृति की भावनाओं से सराबोर दिखाई दिया।

    हवन-पूजन कार्यक्रम में जिला संघचालक डॉ. सुभाष सिंह, विभाग अध्यक्ष डॉ. तेज सिंह, जिला अध्यक्ष अनिल गुप्ता, जिला महामंत्री देवेश गुप्ता, संरक्षक डॉ. विनोद कनौजिया, नारायण चौरसिया, जिला सेवा प्रमुख राजीव सिंह, विभाग महामंत्री रोहित मिश्र, अमित भारत, अरविंद गुप्ता, प्रचार प्रमुख सुधीर सिंह, संतोष कुमार, सिद्धार्थ सिंह, ओम प्रकाश मौर्य, दीपक सिंह, रजनीश, ओमित साहू, गौरव सिंह, संदीप विश्वकर्मा, हर्ष चौरसिया सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

    प्रशिक्षण वर्ग के संचालन में मातृशक्ति की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। संपूर्ण वर्ग का संचालन क्षेत्र संयोजिका शारदा जी के निर्देशन में किया जा रहा है। वर्गाधिकारी वंदना सरकार, वर्ग कार्यवाहिका नीतू सिंह, प्रांतीय मंत्री डॉ. संध्या सिंह, निशा सिंह, डॉ. अंजू कनौजिया, आंतरिक व्यवस्था प्रमुख किरण सिंह, महिला प्रमुख स्वप्निल सिंह, सुचिता सिंह, सुषमा श्रीवास्तव, मीना यादव, डॉ. रश्मि मौर्य, सुनीता यादव, विभाग मंत्री कुसुम जी, डॉ. माधुरी सिंह, चमेली बहन जी एवं विमला सिंह सहित अनेक महिलाओं द्वारा किया जा रहा है।

    प्रशिक्षण वर्ग में सैकड़ों किशोरियों की सहभागिता और मातृशक्ति की प्रेरणादायी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष ऊर्जा और गरिमा प्रदान की। इस अवसर पर जिला संघचालक डॉ. सुभाष सिंह ने कहा कि सेवा भारती जौनपुर समाज सेवा, संस्कार निर्माण और राष्ट्रहित के कार्यों में निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रही है तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक सकारात्मक ऊर्जा पहुंचाने का कार्य कर रही है।

    वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से किशोरियों में आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रबोध की भावना को नई दिशा मिलेगी, जिससे वे समाज और राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकेंगी।

    Ashirwad IVF Centre Jaunpur
    Ashirwad IVF Centre Jaunpur

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *