• Sat. May 23rd, 2026

    संदीप हत्याकांड का खुलासा: पांच आरोपी और एक बाल अपचारी गिरफ्तार

    Share

    प्रेम प्रसंग की रंजिश में हत्या कर शव को झूले से लटकाकर आत्महत्या दर्शाने का आरोप

    बरसठी (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के हरद्वारी गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय परिसर में युवक का शव झूले से लटकता मिलने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों तथा एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को बरसठी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।

    गौरतलब है कि शुक्रवार की अल सुबह विद्यालय परिसर में संदीप गौतम पुत्र सुमन गौतम का शव बच्चों के खेलने वाले झूले की पाइप से फंदे के सहारे लटका मिला था। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। मामले में मृतक की बुआ सोनी देवी की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

    तहरीर में आरोप लगाया गया था कि प्रेम प्रसंग को लेकर संदीप और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। परिजनों के अनुसार घटना से दो दिन पहले भी संदीप के साथ मारपीट की गई थी तथा उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। आरोप है कि घटना की रात आरोपी उसे घर से बुलाकर ले गए, हत्या कर दी और बाद में शव को विद्यालय परिसर में झूले से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।

    मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बरसठी रेलवे स्टेशन के निकट छापेमारी कर पांच आरोपियों और एक बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया।

    गिरफ्तार आरोपियों में दीपक भार्गव पुत्र व्यासमुनि, अमन उर्फ रेड्डी पुत्र राजेश, नंदकिशोर उर्फ नंदू पुत्र स्वर्गीय मातादीन, अभिषेक गौतम पुत्र ओमप्रकाश (सभी निवासी हरद्वारी गांव) तथा अखिलेश उर्फ मंजय पुत्र फूलचंद्र निवासी कोहड़ा, थाना बरसठी शामिल हैं।

    पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त अभिषेक गौतम के विरुद्ध वर्ष 2024 में घर में घुसकर चोरी करने तथा चोरी का माल रखने से संबंधित मुकदमा भी दर्ज है।

    थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

    Ashirwad IVF Centre Jaunpur
    Ashirwad IVF Centre Jaunpur

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *