• Mon. Jun 1st, 2026

    टीजीटी परीक्षा-2026 की तैयारियां पूरी, जिलाधिकारी ने सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को दिया प्रशिक्षण

    Share

    जौनपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने की।

    बैठक में परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों, उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 तथा आयोग द्वारा निर्धारित मानकों की विस्तृत जानकारी दी गई।

    जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि जनपद के 20 परीक्षा केंद्रों पर 3 एवं 4 जून को दो पालियों में टीजीटी परीक्षा आयोजित होगी, जिसके लिए सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है।

    उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मजिस्ट्रेट परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें तथा परीक्षा के दौरान सतत निगरानी बनाए रखें। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

    जिलाधिकारी ने कहा कि नकल, अनियमितता अथवा किसी भी अवांछित गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

    बैठक में ध्रुव खाड़िया, परमानंद झा, उमाशंकर, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed