जौनपुर। सुरेरी थाना क्षेत्र के पूरेदयाल सोरहा गांव में शनिवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार सुबह करीब साढ़े नौ बजे गांव के बाहर युवक अचेत अवस्था में पड़ा मिला। पास जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत हो रहा था। प्रारंभिक तौर पर भीषण गर्मी और लू लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस को मृतक के हाथ पर ‘प्रीति महाकाल’ लिखा मिला है, जिसे पहचान का महत्वपूर्ण सुराग माना जा रहा है। आसपास के थानों और क्षेत्रों में युवक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल थाना सुरेरी से संपर्क करें।


