बरसठी (जौनपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बरेठी गांव स्थित सरोज बस्ती के पास शनिवार शाम 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक संविदा लाइनमैन की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
जानकारी के अनुसार कारो (गहरपुर इमलिया) गांव निवासी अशोक यादव संविदा लाइनमैन के रूप में कार्यरत थे। शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त बिजली लाइन की मरम्मत के लिए वह खंभे पर चढ़कर काम कर रहे थे। ग्रामीणों के मुताबिक उन्होंने पावर हाउस से शटडाउन लेने के बाद ही कार्य शुरू किया था। आरोप है कि मरम्मत के दौरान अचानक लाइन में करंट प्रवाहित हो गया, जिससे वह करंट की चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करंट लगने के बाद अशोक यादव कुछ समय तक तार से चिपके रहे और फिर नीचे गिर पड़े। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
मृतक परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य बताए जा रहे हैं। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्री और दो पुत्र हैं। बच्चों की अभी शादी नहीं हुई है। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार, नायब तहसीलदार अमित कुमार सरोज तथा प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव मौके पर पहुंचे। मृतक के पुत्र शनि यादव ने आरोप लगाया कि एसएसओ से शटडाउन लेने के बावजूद लाइन चालू कर दी गई, जिससे उनके पिता की जान चली गई। परिजनों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और निलंबन की कार्रवाई की मांग की।
परिजनों ने चेतावनी दी कि जब तक दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होगी, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा। एहतियातन मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। समाचार लिखे जाने तक प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बावजूद परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे और घटनास्थल पर डटे रहे।

