• Wed. Jul 1st, 2026

    कलेक्ट्रेट में जन सुविधा केन्द्र का शुभारंभ, शिकायतों का होगा त्वरित और समयबद्ध निस्तारण

    Share

    जौनपुर, 1 जुलाई। आमजन की शिकायतों के त्वरित पंजीकरण एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित जन सुविधा केन्द्र का मंगलवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने फीता काटकर शुभारंभ किया। अधिकारियों ने कहा कि यह केन्द्र आमजन और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु के रूप में कार्य करेगा तथा शिकायतों का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

    जिलाधिकारी ने बताया कि जन सुविधा केन्द्र प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक संचालित रहेगा। इसके लिए रोस्टरवार कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जबकि दोनों पालियों में पुलिस कर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि शनिवार और रविवार को भूमि कब्जे से संबंधित शिकायतें अधिक आने की संभावना रहती है, इसलिए उन दिनों केन्द्र विशेष रूप से सक्रिय रहेगा। आपात स्थिति में प्राप्त शिकायतों को व्हाट्सएप के माध्यम से संबंधित लेखपाल और कानूनगो तक तत्काल भेजकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही शिकायतों के निस्तारण के बाद आवेदकों से फीडबैक भी लिया जाएगा। दो पक्षों के विवादों की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कराने की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है।

    जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का तिथि-वार रजिस्टर एवं डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाए तथा उसकी दैनिक प्रगति अपडेट रखी जाए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, अवैध कब्जा, दीवार निर्माण सहित संवेदनशील मामलों में शिकायत मिलते ही राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करेगी, जिससे विवाद का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण हो सके।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि जन सुविधा केन्द्र पर तैनात कर्मचारियों को संबंधित विभागों के अधिकारियों से सीधे समन्वय स्थापित करने का अधिकार होगा। यदि कोई अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में सहयोग नहीं करता, फोन नहीं उठाता या अनावश्यक विलंब करता है, तो उसका विवरण अभिलेखों में दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। शिकायतों का विवरण रजिस्टर के साथ एक्सेल शीट में भी दर्ज किया जाएगा, ताकि साप्ताहिक एवं दस दिवसीय समीक्षा के दौरान लंबित मामलों की जवाबदेही तय की जा सके। साथ ही केन्द्र और थानों के बीच वायरलेस सहित अन्य संचार माध्यमों के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया गया।

    इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, उप जिलाधिकारी सदर योगिता सिंह, अतिरिक्त उप जिलाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *