जौनपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद में दानवीर शिरोमणि भामाशाह जी की जयंती को व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राज्य कर विभाग द्वारा आयोजित भव्य समारोह में खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव मुख्य अतिथि तथा जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह में जनपद के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले विभिन्न श्रेणियों के आठ बड़े करदाताओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें गहना कोठी के अधिष्ठाता विनीत सेठ भी शामिल रहे, जिन्हें ज्वेलर्स के क्षेत्र में सर्वाधिक GST जमा करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि गहना कोठी परिवार समाज और अर्थव्यवस्था के विकास में सराहनीय योगदान दे रहा है, जिसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने भी विनीत सेठ को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में भामाशाह के जीवन एवं व्यापारियों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला गया तथा उनके हितों एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। संचालन उपायुक्त राज्य कर वरुण कुमार त्रिपाठी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर राज्य कर विभाग के अधिकारी अक्षय लाल, सुरेन्द्र कुमार कैथल, रजनेश कुमार, सर्वेश चन्द्र श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त अतुल कुमार, राहुल राय, रामनिवास पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारी दिनेश टंडन, अनिल सिंह, श्याम सिंह, राधेरमण जायसवाल, श्रवण कुमार जायसवाल, सोहनलाल स्वर्णकार, नन्हेलाल वर्मा सहित अन्य व्यापारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा व्यापारियों की राष्ट्र निर्माण में सहभागिता को और मजबूत करने का संकल्प लिया गया।


