जौनपुर। सिकरारा थाना प्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह और सुजानगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन ठगी तथा जबरन वसूली करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भैंस, पशु और जेसीबी मशीन बेचने के नाम पर फर्जी विज्ञापन पोस्ट करता था। विज्ञापन देखकर खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को सुनसान स्थानों पर बुलाकर बंधक बना लिया जाता था। इसके बाद उनके साथ मारपीट कर नकद और ऑनलाइन माध्यम से लाखों रुपये की जबरन वसूली की जाती थी।
जांच में सामने आया है कि गिरोह ने प्रयागराज, मिर्जापुर सहित कई जिलों के लोगों को अपना शिकार बनाया था। पीड़ितों से लाखों रुपये वसूलने और मारपीट करने की कई शिकायतें पुलिस को प्राप्त हुई थीं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बुधवार को घोरहा नहर पुलिया के पास छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान जौनपुर के खेतासराय थाना क्षेत्र के रानीमऊ निवासी मो. अलीम तथा प्रतापगढ़ जनपद के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के धरौली निवासी जितेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों अभियुक्तों के खिलाफ ठगी, रंगदारी, गैंगस्टर, अवैध असलहा समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

