जौनपुर। 12 जुलाई को आयोजित होने वाले ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महाअभियान की तैयारियों का जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने शनिवार को विकास खंड करंजाकला के ग्राम काफरपुर स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल पर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पौधों की उपलब्धता, गड्ढों की तैयारी, सिंचाई व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं और किसी प्रकार की कमी न रहने पाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि जनपद को 60 लाख 73 हजार 400 पौधरोपण का लक्ष्य मिला है, जिसे शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर व्यापक तैयारियां की गई हैं। कंट्रोल रूम के माध्यम से गड्ढों की खुदाई, पौधों के वितरण, सिंचाई और जियो-टैगिंग सहित सभी कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।

डीएफओ ने बताया कि वन विभाग ने विभिन्न प्रजातियों के पौधों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर दी है और नर्सरियों से पौधों का वितरण तेजी से कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पौधरोपण केवल लक्ष्य पूरा करने तक सीमित न रहे, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की सुरक्षा, नियमित सिंचाई और संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।



