जौनपुर। शासन के निर्देशानुसार 12 जुलाई 2026 को जनपद में आयोजित होने वाले ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महाअभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने जनपदवासियों से बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और मातृत्व के प्रति सम्मान एवं जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, विभिन्न संस्थाओं तथा सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी सुरक्षा, नियमित सिंचाई एवं देखभाल का संकल्प लें।
उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से यह अभियान जनआंदोलन का रूप ले सकता है। लगाए गए प्रत्येक पौधे से आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ पर्यावरण की अमूल्य धरोहर मिलेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि एक पौधा लगाना भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे संकल्प लें—“एक पेड़ माँ के नाम, प्रकृति के नाम और भविष्य के नाम।”



