सुजानगंज (जौनपुर)। पुरुषोत्तम मास के दूसरे सोमवार को कस्बा स्थित श्री गौरीशंकर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह मंदिर के कपाट खुलते ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लग गया। दिनभर मंदिर परिसर “हर-हर महादेव”, “बम भोले” और “जय भोलेनाथ” के जयघोष से गूंजता रहा।
भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग और युवा लंबी कतारों में खड़े होकर भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन करते नजर आए। श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ से सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
मंदिर प्रबंध समिति के सचिव सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरे मंदिर परिसर में मैट बिछवाए गए हैं, ताकि नंगे पैर चलने वाले भक्तों के पैर गर्म फर्श से न झुलसें। साथ ही पेयजल समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर के चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा पुलिस बल तैनात किया गया है, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में दर्शन-पूजन कर सकें।
दिनभर मंदिर में भक्तों की भीड़ बनी रही और पूरा क्षेत्र शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।


