• Tue. Aug 4th, 2026

    सावन के प्रथम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ी आस्था, कांवरियों ने किया जलाभिषेक

    Share

    मड़ियाहूं। सावन माह के प्रथम सोमवार पर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। तड़के भोर से ही भगवान शिव के जलाभिषेक और दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिरों में लग गईं। विंध्याचल से पवित्र गंगाजल लेकर रविवार देर रात तक पहुंचे कांवरियों ने सोमवार सुबह विभिन्न शिवालयों में पहुंचकर पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

    नगर के श्री नीलकंठ महादेव मंदिर, गोला बाजार स्थित शिव मंदिर, पक्का तालाब के रामेश्वर महादेव मंदिर, स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज परिसर स्थित गौरीशंकर महादेव मंदिर, कसियाव शिव मंदिर सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख शिवालयों में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने भगवान शिव का जल, दूध, दही, घी, शहद, बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प एवं मिष्ठान अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

    मंदिर परिसरों में “हर-हर महादेव”, “बोल बम” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। शिवभक्तों ने भजन-कीर्तन और आरती में भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे।

    श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रमुख मंदिरों पर पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग एवं अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए, जिससे दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

    सावन के प्रथम सोमवार पर पूरे मड़ियाहूं क्षेत्र में भक्ति, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। दिनभर शिवालयों में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा और पूरा वातावरण शिवमय बना रहा।

    Trim

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed