मड़ियाहूं। स्थानीय नगर में शुक्रवार को पत्रकार संघ के तत्वावधान में पत्रकारिता दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार राधाकृष्ण शर्मा ने की। इस अवसर पर पत्रकारों ने वर्तमान समय में पत्रकारिता के सामने मौजूद चुनौतियों तथा पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने का कार्य करती है। उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और कार्यस्थल पर आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए संगठित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में बदलते दौर में पत्रकारिता के स्वरूप, डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, फेक न्यूज की चुनौती तथा समाचारों की विश्वसनीयता बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित पत्रकारों ने जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रवणेश मिश्रा, राजेश कुमार पाण्डेय, चंदन केसरी, बिपिन दुबे, आनंद तिवारी, बृजेश मिश्रा, रोहित पटेल, कन्हैया पांडे एवं शमीम अहमद सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन पत्रकार एकता, आपसी सहयोग तथा पत्रकार हितों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।


