मछलीशहर, जौनपुर। तहसील परिसर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए विशेष स्वास्थ्य शिविर में 400 से अधिक लोगों ने निःशुल्क जांच, उपचार और दवा वितरण का लाभ लिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर के डॉ. पवन यादव ने 203 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराईं। वहीं राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय सुजानगंज के डॉ. योगेश कुमार पाण्डेय ने 95 तथा राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय मीरगंज के डॉ. सुदर्शन बिंद और शमशेर अली ने 110 मरीजों की जांच कर उपचार किया।
शिविर में दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई। डॉ. मेजर तपिश कुमार ने नौ दिव्यांगजनों की जांच कर पात्र लाभार्थियों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें अस्पतालों के चक्कर न लगाने पड़ें।


