बदलापुर, जौनपुर। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर उनकी स्मृति में राष्ट्रीय राजमार्ग-731 के किनारे मरगूपुर, बदलापुर में नवनिर्मित “लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर स्मृति द्वार” तथा “लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल स्मृति द्वार” का लोकार्पण किया गया। दोनों स्मृति द्वारों का निर्माण विधायक निधि से कराया गया है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने स्मृति द्वारों का उद्घाटन करते हुए लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके जीवन, व्यक्तित्व और लोककल्याणकारी कार्यों का स्मरण करते हुए उन्हें भारतीय संस्कृति, सुशासन और सनातन मूल्यों की अमर प्रतीक बताया।
वक्ताओं ने कहा कि महारानी अहिल्याबाई होल्कर केवल एक महान शासक ही नहीं थीं, बल्कि नारी शक्ति, न्यायप्रियता, करुणा और धर्मनिष्ठा की अद्वितीय मिसाल थीं। उन्होंने अपने शासनकाल में जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मंदिरों, घाटों, धर्मशालाओं और विभिन्न तीर्थस्थलों का निर्माण एवं पुनर्निर्माण कराया।

कार्यक्रम में यह भी कहा गया कि काशी से लेकर सोमनाथ तक उनके द्वारा कराए गए निर्माण कार्य आज भी भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की अमिट पहचान बने हुए हैं। उनका जीवन त्याग, सेवा, धर्म और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है, जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव मार्गदर्शन देता रहेगा।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, अपना दल (एस) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गोकरण पटेल, डॉ. विकास पाल, उमाशंकर पाल, पवन पाल, राजनारायण पटेल, उदयभान पटेल, जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता, अजय सिंह, राजकेशर पाल, धर्मेंद्र मिश्र, आमोद सिंह, अंशु मौर्य, राखी सिंह, पुष्पा निषाद, रागिनी सिंह, प्रदीप पटेल, मृगेंद्र सिंह शिवबाबा, शनि शुक्ला, सिद्धार्थ सिंह, अमित चौहान, सिकंदर मौर्य सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


