• Fri. Jun 5th, 2026

    विश्व पर्यावरण दिवस पर पुलिस लाइन में चला वृहद वृक्षारोपण अभियान, प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने लगाया कपूर का पौधा

    Share

    जौनपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 जून से 21 जून 2026 तक संचालित किए जा रहे समेकित जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

    कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने कपूर का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने नीम, मड़ियाहूं विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने पाकड़, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने पीपल, पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह ने पाकड़ तथा नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष मनोरमा मौर्य ने चकरेसिया का पौधा रोपा। इसके अलावा अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

    जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने महोगनी, पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने गुलमोहर तथा मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने अमलतास का पौधा लगाया। इस दौरान सभी ने जनपदवासियों से “एक पेड़ मां के नाम” अवश्य लगाने की अपील की।

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण की रक्षा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। जनपद जौनपुर में भी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधरोपण किया जा रहा है और आगामी वर्षाकाल में इस अभियान को और गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण और प्रकृति के संवर्धन के लिए पौधरोपण सबसे सरल और प्रभावी उपाय है।

    कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

    इस अवसर पर डीएफओ प्रोमिला, डीडीओ, डीसी मनरेगा, जिला उद्यान अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, वन विभाग के कर्मचारी एवं जिला गंगा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed