जौनपुर। जलालपुर क्षेत्र में रविवार को एक पागल कुत्ते ने जमकर आतंक मचाया। नेवादा गांव और जलालपुर बाजार में उसने करीब 18 लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है।
सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रेहटी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. गौरव, स्वास्थ्य कर्मी सौरभ श्रीवास्तव और उनकी टीम ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गंभीर रूप से घायल लोगों में कैलाश गुप्ता (75), हरेंद्र (50), रमेश सोनकर (60), राम शनीचर (50, निवासी बिहार) और नितिन गुप्ता (18) शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद इन्हें जिला अस्पताल भेजा गया।
इसके अलावा नेवादा गांव के करीब एक दर्जन अन्य लोगों को भी प्राथमिक उपचार दिया गया। चिकित्सकों ने उन्हें एंटी रेबीज सीरम लगवाने के लिए जिला अस्पताल जाने की सलाह दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पागल कुत्ते ने सबसे पहले नेवादा गांव में राहगीरों पर हमला किया। इसके बाद वह जलालपुर बाजार पहुंच गया, जहां दुकानों के सामने और आसपास बैठे लोगों को काटकर घायल कर दिया।
घटना के बाद से क्षेत्र के लोग भयभीत हैं। समाचार लिखे जाने तक पागल कुत्ते को न तो पकड़ा जा सका था और न ही उसे काबू किया जा सका था, जिससे लोगों में दहशत बनी हुई है।

