जौनपुर। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित “ऑपरेशन कन्विक्शन” अभियान के अंतर्गत जौनपुर पुलिस की प्रभावी विवेचना एवं अभियोजन पक्ष की सशक्त पैरवी के परिणामस्वरूप अपहरण, हत्या एवं साक्ष्य मिटाने के मामले में न्यायालय ने दो अभियुक्तों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
प्रकरण थाना शाहगंज में वर्ष 2021 में दर्ज मुकदमा संख्या 5/2021 से संबंधित है। अपर सत्र न्यायाधीश (षष्ठम), जौनपुर ने सुनवाई के उपरांत अभियुक्त शिवम श्रीवास्तव निवासी परशुरामपुर, थाना करौंदीकला, जनपद सुल्तानपुर तथा आकाश कुमार साह निवासी पटजिलवा, थाना चिरैया, जनपद मोतिहारी (बिहार), हाल निवासी बैंकर्स कॉलोनी, फैजाबाद रोड, शाहगंज को भारतीय दंड संहिता की धारा 364ए, 302 एवं 201 के अंतर्गत दोषसिद्ध पाया।
न्यायालय ने दोनों अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा सुनाते हुए प्रत्येक पर 2 लाख 25 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड जमा न करने की स्थिति में दोनों दोषियों को पांच वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
जौनपुर पुलिस ने इसे ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान की महत्वपूर्ण सफलता बताया है।


