बक्शा, जौनपुर। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर शनिवार को बक्शा ब्लॉक सभागार एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित कार्यक्रमों में पत्रकारों को सम्मानित किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका और उसके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला।
बदलापुर इकाई पत्रकार संघ के अध्यक्ष अर्जुन शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी शुभम बरनवाल ने पत्रकारों को सम्मानित करते हुए कहा कि हिंदी पत्रकारिता की दो शताब्दियों की यात्रा केवल समाचारों के संप्रेषण की कहानी नहीं, बल्कि जनचेतना, सामाजिक जागरण, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और राष्ट्र निर्माण के सतत संकल्प का स्वर्णिम इतिहास है। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने समय-समय पर समाज को दिशा देने, सत्य को स्वर प्रदान करने और जनमानस की आकांक्षाओं को अभिव्यक्ति देने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाया है।
विशिष्ट अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता देवराज पाण्डेय ने कहा कि कलम की शक्ति ने अनेक चुनौतियों के बीच सत्य, न्याय और लोकहित के दीप को सदैव प्रज्ज्वलित रखा है। लोकतंत्र के सशक्त स्तंभ के रूप में पत्रकारिता ने समाज के अंतिम व्यक्ति की पीड़ा को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में अनुकरणीय भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने भी खंड विकास अधिकारी को स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित सम्मान समारोह में अधीक्षक डॉ. जीके सिंह ने पत्रकारों को शॉल एवं स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर संजय श्रीवास्तव, सौरभ कुमार, ओंकार मिश्र, शशि गुप्ता, विक्की सिंह, ओमप्रकाश, वरुण यादव, जनार्दन गौड़, विकास यादव, सत्यप्रकाश यादव, विवेक उपाध्याय एवं अभिनय सिंह सहित अनेक पत्रकार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


