जौनपुर। हिंदी पत्रकारिता के 200 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शहर के होटल रघुवंशी में तहलका न्यूज़ नेटवर्क, भारतीय डिजिटल मीडिया संघ एवं फ्रेंड्स ग्रुप ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में पत्रकार एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पत्रकारिता, शिक्षा एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव रहे। विशिष्ट अतिथियों में यशवंत सिंह, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी कुँवर वीरेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह तथा राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षाविद् डॉ. जंग बहादुर सिंह शामिल रहे।

समारोह के दौरान अतिथियों ने पत्रकारिता के दो शताब्दियों के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने निष्पक्ष एवं जनहितकारी पत्रकारिता को समाज के विकास का आधार बताया। इस अवसर पर पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय योगदान के लिए सम्मान पत्र प्रदान किए गए।

वहीं सीबीएसई बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली ज़ूरियत ज़हरा को भी प्रतिभा सम्मान से नवाजा गया। उसकी इस उपलब्धि पर उपस्थित अतिथियों ने उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजक कैलाशनाथ सिंह के प्रति उपस्थित लोगों ने आभार व्यक्त किया। समारोह में बड़ी संख्या में पत्रकार, शिक्षाविद्, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


