जौनपुर। जिले में रविवार को बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 का शांतिपूर्ण ढंग से शुभारंभ हुआ। जनपद के 27 परीक्षा केंद्रों पर कुल 17,144 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक संपन्न होगी।
परीक्षा के पहले दिन केंद्रों के बाहर सुबह से ही अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की भीड़ देखने को मिली। कई परीक्षार्थी अंतिम समय में केंद्रों तक पहुंचे और उन्हें भागदौड़ करनी पड़ी। दूर-दराज के जिलों से आए अभ्यर्थियों को आवास, परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
छोटे बच्चों के साथ सफर बना चुनौती
लखनऊ से परीक्षा देने पहुंचीं अभ्यर्थी शीला पांडेय अपनी ढाई वर्षीय बेटी के साथ जौनपुर आई हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 250 किलोमीटर की यात्रा छोटे बच्चे के साथ करना बेहद मुश्किल रहा। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा केंद्र घर के नजदीक आवंटित किए जाएं तो अभ्यर्थियों को काफी राहत मिल सकती है। दूर के केंद्रों के कारण समय और धन दोनों की अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ती है।

महिलाओं के लिए अधिक परेशानी
अमरोहा से अपनी बेटी को परीक्षा दिलाने आए संदीप भारद्वाज ने भी केंद्र आवंटन व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं और छात्राओं को लंबी दूरी तय करने में विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जौनपुर के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश से सीधी रेल सुविधा नहीं होने के कारण यात्रा और अधिक कठिन हो जाती है। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र की जानकारी मात्र सात दिन पहले मिलने से ट्रेन में आरक्षण कराना भी चुनौतीपूर्ण हो गया। जौनपुर पहुंचने के बाद उन्हें होटल में कमरा लेने के लिए करीब ढाई घंटे तक भटकना पड़ा।
सुरक्षा और पारदर्शिता पर प्रशासन का फोकस
परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सीसीटीवी निगरानी तथा बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई है।
19 सेक्टर और 37 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात
परीक्षा की निगरानी के लिए जिले में 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 37 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। प्रशासन का दावा है कि सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, जिससे परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।


