• Wed. Jul 15th, 2026

    वियतनाम में तिरंगा लहराने उतरेगी जौनपुर की बेटी आरती गौतम

    Share

    जौनपुर, 14 जुलाई। मुंगराबादशाहपुर के सराय रुस्तम (कमालपुर) निवासी पेंचक सिलाट खिलाड़ी आरती गौतम का चयन 15 से 25 जुलाई तक वियतनाम में आयोजित होने वाली 10वीं सीनियर एशियन पेंचक सिलाट चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। वह गांडा स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। आरती के चयन से पूरे जौनपुर में खुशी का माहौल है।

    स्वर्गीय कृष्ण चंद्र गौतम की पुत्री आरती ने आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद कड़ी मेहनत और लगन से राष्ट्रीय स्तर पर कई स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर अपनी पहचान बनाई है। कराटे में ब्लैक बेल्ट धारक आरती को प्रशिक्षक छोटेलाल बिंद और पेंचक सिलाट कोच रामजीत का मार्गदर्शन मिला। उन्होंने फेडरेशन कप, ऑल इंडिया चैंपियनशिप, खेलो इंडिया और विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है।

    आरती ने कहा कि देश के लिए खेलना उनका बचपन का सपना है और वह वियतनाम में स्वर्ण पदक जीतकर तिरंगा लहराने का पूरा प्रयास करेंगी। उनकी आर्थिक सहायता के लिए समाजवादी पार्टी के नेताओं और उद्योगपतियों ने संयुक्त रूप से ढाई लाख रुपये उपलब्ध कराए। वियतनाम रवाना होने से पहले उनके आवास से लेकर प्रयागराज रेलवे स्टेशन तक भव्य विदाई दी गई। सहसों में सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने भी आरती का स्वागत कर जीत की शुभकामनाएं दीं। पूरे जिले के खेल प्रेमियों ने उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *