• Sat. Jun 13th, 2026

    जौनपुर रिंग रोड परियोजना को मिली रफ्तार, 2000 किसानों को 225 करोड़ का मुआवजा

    Share

    जौनपुर में बहुप्रतीक्षित रिंग रोड परियोजना का सपना जल्द साकार होने की ओर बढ़ रहा है। सिरकोनी स्थित हौज टोल प्लाजा से बंदीपुर तक बनने वाली 28.28 किलोमीटर लंबी रिंग रोड के लिए अब तक 2000 किसानों को 225 करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित किया जा चुका है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है, जिससे जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। राष्ट्रीय राजमार्ग-135ए के तहत बनने वाली इस परियोजना पर लगभग 1894 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। रिंग रोड के निर्माण से जौनपुर शहर में यातायात का दबाव कम होगा और लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या, प्रयागराज तथा मीरजापुर (विंध्याचल धाम) की यात्रा अधिक सुगम और तेज हो जाएगी। साथ ही शहर में जाम की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
    परियोजना के लिए कुल 3055 किसानों को 385 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाना है। इसके अंतर्गत आने वाले 38 गांवों के लिए अवार्ड पहले ही घोषित किया जा चुका है। मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट के अनुसार अब तक 2000 किसानों को 225 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जबकि शेष किसानों को मुआवजा देने की प्रक्रिया जारी है। रिंग रोड परियोजना में सई नदी पर 210 मीटर लंबा पुल बनाया जाएगा। इसके अलावा तीन रेलवे ओवरब्रिज, दो फ्लाईओवर, 19 छोटे वाहन अंडरपास, पांच वाहन अंडरपास, तीन हल्के वाहनों के लिए अंडरपास तथा दो पैदल यात्री अंडरपास का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे यातायात व्यवस्था और अधिक सुरक्षित व सुचारु हो सकेगी। यह परियोजना केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा शिलान्यास की गई करीब 10 हजार करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सीआरओ अजय अंबष्ट ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार किसानों को मुआवजा वितरण में तेजी लाई गई है और उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed