जौनपुर। सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में जौनपुर यातायात पुलिस को आधुनिक इंटरसेप्टर (चार पहिया) वाहन की सौगात मिली है। उत्तर प्रदेश सड़क सुरक्षा कोष एवं आधुनिकीकरण योजना के तहत जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट (ZFD) कार्यक्रम के अंतर्गत उपलब्ध कराए गए इस अत्याधुनिक वाहन को मंगलवार को पुलिस लाइन से अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यातायात निदेशालय से प्राप्त इस इंटरसेप्टर वाहन में अत्याधुनिक यातायात उपकरण लगाए गए हैं। वाहन में लगी स्वचालित स्पीड रडार प्रणाली के माध्यम से ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों की पहचान कर उनके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इससे सड़क पर तेज रफ्तार पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
यातायात विभाग के अनुसार जनपद में कुल सात क्रिटिकल कॉरिडोर चिन्हित किए गए हैं, जिनके अंतर्गत 14 क्रिटिकल थाना क्षेत्र आते हैं। इनमें छह राष्ट्रीय राजमार्ग तथा एक राज्य मार्ग शामिल है, जिनकी कुल लंबाई लगभग 359 किलोमीटर है। इंटरसेप्टर वाहन का नियमित संचालन इन्हीं संवेदनशील मार्गों पर किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस वाहन का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली जनहानि में कमी लाना, यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना तथा सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाना है। आधुनिक तकनीक से लैस यह वाहन यातायात नियमों के उल्लंघन पर त्वरित कार्रवाई करने के साथ-साथ सुरक्षित यातायात व्यवस्था स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें। नियमों का पालन ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का सबसे प्रभावी उपाय है।


