• Tue. Jun 23rd, 2026

    जौनपुर: दो भाइयों में कहासुनी के बाद बिगड़ी तबीयत, अधेड़ की मौत; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

    Jaunpur police
    Share

    जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के रामदेवपुर (गोनौली) गांव में मंगलवार को दो सगे भाइयों के बीच कहासुनी के बाद एक अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

    जानकारी के अनुसार गांव निवासी चन्द्रबली पटेल (45) पुत्र स्वर्गीय रमाशंकर पटेल मंगलवार दोपहर घर से कुछ दूरी पर स्थित पाही पर बैठे थे। इसी दौरान उनके भाई चंद्रभूषण पटेल वहां पहुंचे। परिजनों के अनुसार दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस दौरान चन्द्रबली की तबीयत अचानक बिगड़ गई। वह घर पहुंचे, लेकिन कुछ ही देर बाद बेहोश होकर गिर पड़े।

    परिजन उन्हें तत्काल एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी ले जाया गया, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

    सूचना मिलने पर चंदवक पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

    थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

    बताया जाता है कि मृतक चन्द्रबली छह भाइयों में पांचवें नंबर पर थे। उनकी पत्नी कई वर्ष पहले उनसे अलग हो चुकी थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। वह खेती-किसानी कर अपना जीवनयापन करते थे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed