जौनपुर। महानिदेशक अग्निशमन एवं आपात सेवा, लखनऊ द्वारा संचालित विशेष निरीक्षण अभियान के अंतर्गत मुख्य अग्निशमन अधिकारी जौनपुर नागेंद्र प्रसाद द्विवेदी के निर्देशन में सोमवार को अग्निशमन अधिकारी जौनपुर ने नगर स्थित होटल रघुवंशी में स्थापित अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण एवं परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान होटल परिसर में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, फायर अलार्म सिस्टम, अग्निशमन यंत्रों, आपातकालीन निकास मार्गों तथा अन्य सुरक्षा संसाधनों की विस्तार से जांच की गई। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि आग लगने की किसी भी आकस्मिक घटना की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके। साथ ही होटल प्रबंधन को अग्नि सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने तथा सभी उपकरणों को सदैव क्रियाशील स्थिति में बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
अग्निशमन विभाग की टीम ने कर्मचारियों को आग से बचाव, प्राथमिक प्रतिक्रिया तथा आपातकालीन निकासी संबंधी आवश्यक जानकारियां भी प्रदान कीं। निरीक्षण का उद्देश्य जनसुरक्षा को सुदृढ़ बनाना तथा सार्वजनिक स्थलों पर अग्नि दुर्घटनाओं की संभावनाओं को न्यूनतम करना है।
अग्निशमन विभाग ने कहा कि जनपद के विभिन्न प्रतिष्ठानों में ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे, जिससे अग्नि सुरक्षा मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।


