जौनपुर, 16 जून 2026। खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने मंगलवार को विकास खंड करंजाकला परिसर में आवासीय भवनों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया तथा जनकल्याण शिविर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में करंजाकला ब्लॉक प्रमुख श्रीमती पूनम यादव ने राज्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ आवासीय भवनों का शिलान्यास संपन्न हुआ। बताया गया कि इन भवनों के निर्माण पर लगभग ₹2.29 करोड़ की लागत व्यय होगी।

शिलान्यास के उपरांत राज्यमंत्री ने ब्लॉक परिसर में आयोजित जनकल्याण शिविर का फीता काटकर शुभारंभ किया। शिविर में “मोदी सरकार के 12 वर्ष: हर परिवार को सुरक्षा देने वाले वर्ष” विषयक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित योजनाओं और उत्पादों का प्रदर्शन किया गया।

राज्यमंत्री ने शिविर में उपस्थित गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार वितरित किया तथा नन्हें बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख श्रीमती पूनम यादव, जिला महामंत्री अजय सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव ‘मम्मन’, प्रदीप तिवारी, धर्मेंद्र मिश्रा, राजकेशर पाल, जनकल्याण शिविर संयोजक रविंद्र सिंह ‘राजू दादा’, प्रधान संघ अध्यक्ष श्रीमती मनीषा यादव, बीडीओ करंजाकला सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


