जौनपुर। केराकत तहसील के खटहरा गांव में बुधवार को प्रशासन ने बंजर भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कब्जा हटवा दिया। नवागत एसडीएम सुनील कुमार के निर्देशन में तहसीलदार अजीत कुमार और नायब तहसीलदार संदीप सिंह की मौजूदगी में राजस्व टीम और पुलिस बल ने बेदखली अभियान चलाया।
प्रशासन के अनुसार, गांव निवासी लालजी यादव ने बंजर भूमि पर अवैध रूप से शौचालय सहित अन्य निर्माण कर कब्जा कर लिया था। मामले की सुनवाई तहसीलदार न्यायालय में चल रही थी। न्यायालय द्वारा बेदखली का आदेश जारी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई।
बुधवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर की सहायता से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। एसडीएम सुनील कुमार के कार्यकाल के पहले ही दिन हुई इस कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में चर्चा रही।
प्रशासन की इस कार्रवाई से सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।


