जौनपुर। वाराणसी-जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर बक्शा थाना क्षेत्र के कुल्हनामऊ गांव के पास सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। उन्नाव निवासी पांच लोग बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर वाराणसी से लौट रहे थे। सुबह करीब पांच बजे उनकी वैगनआर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रक में बुरी तरह फंस गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अखिलेश शुक्ला और अंकित शुक्ला को मृत घोषित कर दिया। हादसे में शोभित श्रीवास्तव, संदीप मिश्रा और शोभित शुक्ला घायल हुए हैं, जिनकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है तथा मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


