• Sat. Jun 6th, 2026

    इलाज के लिए जाते समय स्वास्थ्यकर्मी की मौत, हार्ट अटैक की आशंका

    Share

    जौनपुर। सिंगरामऊ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत एक स्वीपर की शुक्रवार को जौनपुर जाते समय संदिग्ध हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

    जानकारी के अनुसार, सिंगरामऊ निवासी मोहम्मद अकरम पुत्र मोहम्मद बीफन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंगरामऊ में स्वीपर के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और इलाज करा रहे थे।

    शुक्रवार को वह अपने बड़े बेटे के साथ बाइक से जौनपुर दवा और उपचार के लिए जा रहे थे। रास्ते में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह बाइक से उतरने के बाद बेहोश होकर गिर पड़े, जिससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

    स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक डॉक्टरों ने प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

    घटना की सूचना मिलते ही परिजन और शुभचिंतक अस्पताल पहुंच गए। अचानक हुई मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहम्मद अकरम के निधन की खबर मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और क्षेत्र के लोगों में भी शोक की लहर दौड़ गई।

    पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

    मोहम्मद अकरम अपने मिलनसार स्वभाव और कार्यनिष्ठा के लिए क्षेत्र में जाने जाते थे। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग को भी अपूरणीय क्षति हुई है।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed