मछलीशहर। नगर क्षेत्र में प्रसव के दौरान नवजात शिशु की मौत की घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन निजी अस्पतालों के संचालन पर रोक लगा दी। जांच के दौरान अस्पताल संचालक वैधता संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद अस्पतालों में ताला बंद कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बरईपार रोड स्थित मीरा पॉली क्लिनिक और बालाजी पॉली क्लिनिक के साथ प्रयागराज रोड स्थित कमला हॉस्पिटल की जांच की। मौके पर मौजूद अस्पताल स्टाफ अस्पताल संचालन से जुड़े आवश्यक कागजात नहीं दिखा पाया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजय सिंह ने बताया कि अस्पताल संचालकों ने आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए दो दिन का समय मांगा है। फिलहाल तीनों अस्पतालों के संचालन पर रोक लगाते हुए उन्हें बंद करा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि यदि दो दिन के भीतर अस्पताल संचालक वैध प्रपत्र प्रस्तुत नहीं करते हैं तो उनके विरुद्ध नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग अब निजी अस्पतालों के पंजीकरण और संचालन संबंधी दस्तावेजों की जांच को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है।


