• Wed. May 27th, 2026

    ट्रेनों पर पत्थरबाजी रोकने के लिए जीआरपी का जागरूकता अभियान, ग्रामीणों से मांगा सहयोग

    Share

    बक्शा (जौनपुर)। ट्रेनों पर होने वाली पत्थरबाजी की घटनाओं की रोकथाम एवं रेलवे ट्रैक की सुरक्षा को लेकर बुधवार सुबह जीआरपी जौनपुर सिटी स्टेशन की टीम ने बक्शा थाना क्षेत्र के रेलवे लाइन किनारे बसे गांवों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान लोगों को रेलवे सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।

    जीआरपी सिटी स्टेशन चौकी प्रभारी एसआई रविन्द्र कुमार पटेल, हेड कांस्टेबल रमाकांत सरोज एवं कांस्टेबल रणविजय सिंह ने पुलिस बल के साथ लखौवा, शंभूगंज और शिवगुलामगंज रेलवे फाटकों का भ्रमण किया। टीम ने रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले लोगों से संवाद कर ट्रेनों पर पत्थरबाजी जैसी घटनाओं के दुष्परिणामों से अवगत कराया तथा रेलवे संपत्ति और यात्रियों की सुरक्षा में सहयोग करने का आह्वान किया।

    अभियान के दौरान जीआरपी ने रेलवे ट्रैक किनारे स्थित गांवों का विस्तृत सर्वेक्षण भी किया। नई व्यवस्था के तहत 12 बिंदुओं वाले प्रोफार्मा में गांवों का नक्शा, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, लेखपालों, चौकीदारों, ग्राम प्रधानों, जिला पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों, सभासदों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं तथा पंचायत मित्रों के नाम, पते और मोबाइल नंबर दर्ज किए गए। साथ ही क्षेत्र की जनसंख्या संबंधी सूचनाएं और रेलवे लाइन के किनारे रहने वाले लोगों का विवरण भी संकलित किया गया।

    जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि इस सूचना तंत्र के माध्यम से रेलवे सुरक्षा से जुड़ी जानकारी तेजी से साझा की जा सकेगी और किसी भी घटना पर त्वरित कार्रवाई संभव होगी। अभियान के दौरान रेलवे लाइन के आसपास रहने वाले हिस्ट्रीशीटरों का विवरण भी संकलित किया गया।

    चौकी प्रभारी रविन्द्र कुमार पटेल ने बताया कि स्थानीय लोगों के सहयोग से न केवल ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है, बल्कि रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को भी अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों को चेतावनी दी कि ट्रेनों पर पत्थरबाजी अथवा रेलवे ट्रैक से छेड़छाड़ करना दंडनीय अपराध है और इसके लिए रेलवे अधिनियम के तहत कठोर सजा का प्रावधान है।

    जीआरपी ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा घटना की सूचना तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139, आपातकालीन नंबर 112 अथवा जीआरपी जौनपुर के सीयूजी नंबर 9454404463 पर देने की अपील की।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed