• Wed. Aug 12th, 2026

    कस्तूरबा विद्यालयों की छात्राओं ने खेल प्रतिभा में दिखाया दम, मंडल स्तर के लिए हुआ चयन

    Share

    जौनपुर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राओं के जनपदीय खेल चयन ट्रायल का आयोजन इंदिरा गांधी स्टेडियम में किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर के निर्देशन और जिला समन्वयक बालिका शिक्षा शोभा तिवारी की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिता में छात्राओं ने विभिन्न खेलों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का चयन मंडल स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया। अब चयनित छात्राएं मंडल स्तर पर जनपद जौनपुर का प्रतिनिधित्व करेंगी।

    चयन ट्रायल में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, शतरंज, योग और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। एथलेटिक्स के जूनियर वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सुजानगंज की निधि जायसवाल ने प्रथम, शाहगंज की शिवांसी बिंद ने द्वितीय तथा करंजाकला की दिव्यां कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में जलालपुर की उजाला चौहान प्रथम, बरसठी की तृप्ति पटेल द्वितीय और धर्मापुर की प्रिया निषाद तृतीय रहीं।

    400 मीटर दौड़ में महराजगंज की आभा एवं आकृति ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जूनियर वर्ग की गोला फेंक प्रतियोगिता में मुक्तिगंज की उजाला ने प्रथम, बदलापुर की रुचि ने द्वितीय तथा जलालपुर की शालू ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं सीनियर वर्ग की गोला फेंक प्रतियोगिता में सुंईथाकला की आंचल गुप्ता ने प्रथम तथा करंजाकला की अंशुमा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

    बैडमिंटन प्रतियोगिता में खुटहन की आउसी पासवान, शाहगंज की मानवी एवं सुंईथाकला की पायल मिश्रा का मंडल स्तर के लिए चयन किया गया। शतरंज प्रतियोगिता में मड़ियाहूं की दिव्यांशी ने प्रथम तथा शाहगंज की आंशी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

    प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला क्रीड़ा अधिकारी अशोक सोनकर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। चयन ट्रायल में निर्णायक की भूमिका रवि चंद्र यादव, राकेश कुमार यादव, प्रियंका सिंह, अंकिता यादव, अरुणेश, मनीष सिंह, मनोज यादव, अमित सोनकर एवं सुरेश यादव ने निभाई। इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की वार्डन, व्यायाम शिक्षक, लेखाकार सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।

    Udghatan TR

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *