मीरगंज, जौनपुर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मीरगंज पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त सुजीत चौहान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में जनपद में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी मछलीशहर प्रतिमा वर्मा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मीरगंज अरविन्द कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस टीम को रविवार 9 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित और 25 हजार रुपये का इनामी अभियुक्त सुजीत चौहान क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सुजीत चौहान पुत्र नायब चौहान निवासी मोलनापुर, थाना मीरगंज, जनपद जौनपुर के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक सुजीत चौहान के खिलाफ थाना मीरगंज में वर्ष 2025 में भी मुकदमा दर्ज है। उसके विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 133/25 में धारा 115(2), 352, 351(2), 109, 249, 3(5) और 61(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई थी। इसके अलावा उसके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 93/26 में धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। इसी मामले में वह वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और वांछित एवं इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार सिंह, उपनिरीक्षक देवानन्द, कांस्टेबल अरविन्द कुमार सिंह, कांस्टेबल प्रांशु कुमार मिश्रा, रिजर्व कांस्टेबल आकाश कुमार, रिजर्व कांस्टेबल ओमकार मौर्या, रिजर्व कांस्टेबल शिवम कुमार पासवान, रिजर्व कांस्टेबल अभय पाण्डेय तथा रिजर्व महिला कांस्टेबल रिया शुक्ला शामिल रहीं।


