जौनपुर। विशेषरपुर चौराहे पर लगा 33 केवी विद्युत लाइन का पोल जर्जर होकर एक तरफ झुक गया है। पोल में जगह-जगह दरारें पड़ गई हैं और उस पर लगे तारों के अधिक भार के कारण कभी भी गिरने की आशंका बनी हुई है। चौराहा बाजार और स्कूल क्षेत्र के पास होने के कारण यहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में विद्युत पोल गिरने से बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि तेज हवा या बारिश के दौरान पोल के गिरने का खतरा और बढ़ जाता है। पोल गिरने की स्थिति में जनहानि के साथ आसपास के क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी लंबे समय तक बाधित हो सकती है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
चौराहे से गुजरने वाले स्कूली बच्चों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में जर्जर पोल को लेकर भय बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग और प्रशासन से तत्काल जर्जर पोल को हटाकर नया पोल लगाने तथा विद्युत तारों को दुरुस्त कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया और कोई दुर्घटना हुई तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। लोगों ने समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।


