• Fri. Jun 12th, 2026

    भूमि विवाद में मौत मामले में तीन महिलाओं सहित चार गिरफ्तार

    Share

    जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के कौली गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

    जानकारी के अनुसार, बुधवार रात कौली गांव निवासी अजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू (48 वर्ष) का अपने पड़ोसी दानबहादुर शर्मा, तेजबहादुर शर्मा और अन्य लोगों से जमीन के विवाद को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। आरोप है कि इस दौरान अजय कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

    अजय सिंह के घायल होने की सूचना मिलने पर उनके रिश्तेदार और पड़ोसी गांव के निवासी अखिलेश सिंह, हिमांशु सिंह, शिवम सिंह और आकृति सिंह मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद विपक्षी पक्ष ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वे सभी गंभीर रूप से घायल हो गए।

    घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को नौपेड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान अजय कुमार सिंह की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।

    थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी तेजबहादुर शर्मा, उनकी पत्नी शशिकला, राजेश शर्मा की पत्नी सुनीता शर्मा और दानबहादुर की पत्नी रमीला को गिरफ्तार कर लिया।

    पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध मु0अ0सं0 309/2026 के तहत धारा 191(2), 103(1), 109(1) एवं 115(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

    पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed