• Fri. Jun 5th, 2026

    बोलेरो और ऑटो की आमने-सामने टक्कर, चालक समेत पांच घायल

    Share

    बरसठी (जौनपुर)। बरसठी थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। भान्नौर गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो और ऑटो की आमने-सामने टक्कर के बाद ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

    जानकारी के अनुसार मौहरी गांव निवासी मुन्ना (45) अपनी तीन पुत्रियों खुशबू (12), अंजलि (13) और चांदनी (15) के साथ गोपालापुर स्थित ससुराल से ऑटो द्वारा अपने घर लौट रहे थे। ऑटो को जमालपुर निवासी बृजभान (28) पुत्र हीरालाल चला रहे थे।

    बताया जाता है कि ऑटो जैसे ही भान्नौर गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ऑटो चालक समेत उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।

    दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को ऑटो से बाहर निकाला और इसकी सूचना 108 एंबुलेंस सेवा को दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

    घटना की जानकारी मिलते ही बरसठी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया।

    पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। बोलेरो चालक की पहचान करने और उसके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित रहा।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed