• Fri. Jun 5th, 2026

    सोशल मीडिया पर विवाद और धमकी देने के आरोप में आठ युवक गिरफ्तार

    Share

    सुरेरी (जौनपुर)। सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाकर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में सुरेरी थाना पुलिस ने आठ युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ शांति भंग की आशंका के मद्देनजर कार्रवाई करते हुए उन्हें संबंधित न्यायालय में पेश किया है।

    पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन वज्रपात’ अभियान के तहत की गई। अभियान का उद्देश्य सोशल मीडिया के माध्यम से बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के निर्देशन में संपन्न हुई।

    थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ युवक सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाकर आपसी विवादों को बढ़ावा दे रहे हैं तथा मारपीट, गाली-गलौज और धमकी जैसी गतिविधियों में शामिल हैं।

    सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भजन कुमार, विकास राजभर, आकाश कश्यप, किशन गौतम, रोहित कन्नौजिया, किशन विश्वकर्मा, अजय विश्वकर्मा और सूरज कुमार गौतम को हिरासत में लिया। पूछताछ और जांच के बाद सभी के विरुद्ध शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के आधार पर बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई की गई और संबंधित न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया गया।

    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर क्षेत्र का माहौल खराब करने, युवाओं को भड़काने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    इस अभियान में उपनिरीक्षक मनोज कुमार राय, शेषनाथ साहनी, लालमोहर राम सहित थाना सुरेरी की पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने युवाओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने और किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed