बरसठी | दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने और दवा खिलाकर गर्भपात कराने के आरोप में पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि छह वर्ष पूर्व उसकी शादी वाराणसी जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के कविरामपुर गांव निवासी दिनेश पटेल से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। विवाह के समय उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार नगदी, मोटरसाइकिल, आभूषण और अन्य सामान दिए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित कर मारपीट करता रहा। आरोप है कि पति सूरत में नौकरी करता है। वह उसे अपने साथ सूरत ले गया, लेकिन कुछ समय बाद उसे वहां अकेला छोड़कर घर लौट आया। विवाहिता का यह भी आरोप है कि गर्भावस्था के दौरान पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने मिलकर उसे दवा खिलाकर भ्रूण हत्या कर गर्भपात करा दिया। तहरीर में कहा गया है कि कुछ समय पहले जमीन खरीदने के नाम पर उसकी बहनों से एक लाख रुपये भी लिए गए, इसके बावजूद शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना जारी रही। विवाहिता के अनुसार वर्तमान में वह मायके में रह रही है। उसके पिता ने कई बार लोगों के साथ ससुराल पक्ष से समझौते का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति दिनेश पटेल, जेठ राकेश पटेल, सास लालदेई देवी और जेठानी सुनीता देवी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 85, 89, 115(2), 316(2), 352 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर चार आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
दहेज उत्पीड़न व गर्भपात कराने के आरोप में पति समेत चार पर प्राथमिकी

