बक्शा कृषि विज्ञान केंद्र में दो दिवसीय कार्यशाला का समापन, प्रगतिशील किसानों को निःशुल्क बीज वितरित
नौपेड़वा (जौनपुर)। बक्शा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में कृषि विभाग की ओर से जनपद स्तरीय प्राकृतिक खेती योजना के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला का समापन शुक्रवार को हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों की स्थिति मजबूत हुई है और कृषि क्षेत्र को नई दिशा मिली है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में किसानों के हित में जितने कार्य हुए हैं, उनकी तुलना पूर्ववर्ती सरकारों से नहीं की जा सकती। उनके अनुसार भाजपा सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक बनाने और कृषि आधारित बजट को प्राथमिकता देने का कार्य किया है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के “जय जवान, जय किसान” के नारे का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इसमें “जय विज्ञान” जोड़कर कृषि को तकनीक से जोड़ने का काम किया।
विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि देश आज किसानों की मेहनत की बदौलत अनाज निर्यातक बना है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने और रासायनिक उर्वरकों, विशेषकर डीएपी और यूरिया के अत्यधिक प्रयोग से बचने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि बृजेश सिंह प्रिंशू ने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों से किसान आर्थिक रूप से सशक्त हुए हैं। उप कृषि निदेशक अश्वनी सिंह ने कहा कि सरकार किसानों को लगभग दो लाख करोड़ रुपये की सब्सिडी उपलब्ध करा रही है तथा कृषि क्षेत्र में लगातार नई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
कार्यशाला के दौरान वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों और उसके लाभों की जानकारी दी। साथ ही प्रगतिशील किसानों को बाजरा, सांवा और रागी के निःशुल्क बीज वितरित किए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने तथा संचालन पीडी आत्मा डॉ. रमेश चंद्र यादव ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. सुरेश कुमार कनौजिया, जिला कृषि अधिकारी डॉ. विनय सिंह, उद्यान अधिकारी सीमा सिंह राणा, डॉ. सुरेंद्र सोनकर, डॉ. राजीव सिंह, डॉ. आर.के. सिंह, डॉ. पवन कुमार सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

