खुटहन, जौनपुर। चकमार्ग निर्माण की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा करने और आत्महत्या की धमकी देने वाले किसान को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
बताया गया कि गुरुवार को शेखअसरफपुर गांव निवासी सतीश यादव गांव में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गए थे। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद किसान टावर से नीचे उतरे।
घटना के बाद लेखपाल एवं पंचायत अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने, धमकी देने तथा अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस के अनुसार किसान के टावर पर चढ़ने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था और प्रशासनिक कार्य भी प्रभावित हुए।
पुलिस ने आरोपी किसान को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय भेज दिया। घटना पूरे दिन क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।

