बरसठी | क्षेत्र के खुआवा स्थित कोटेश्वर महादेव मंदिर के 13वें स्थापना दिवस पर बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक, सुंदरकांड पाठ और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। पुरोहित पं. विनय शुक्ला के आचार्यत्व में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया। इसके बाद शाम को सुंदरकांड पाठ हुआ, जिसमें श्रद्धालु देर तक भक्ति में लीन रहे। पाठ की पूर्णाहुति के बाद आयोजित भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा।
मुख्य आयोजक महेंद्र सिंह और राजेश सिंह ने बताया कि मंदिर के स्थापना दिवस पर पिछले 13 वर्षों से प्रत्येक वर्ष 15 जुलाई को रुद्राभिषेक, सुंदरकांड पाठ और भंडारे का आयोजन किया जाता है। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और जनकल्याण की भावना को मजबूत करना है। इस अवसर पर डॉ. विद्याधर सिंह, ज्ञान प्रताप सिंह, प्रदीप सिंह, गौरव सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, अमित सिंह, सौरभ, विराट, यश कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


