जौनपुर। शासन के निर्देश के क्रम में तथा प्रमुख जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. के नेतृत्व में भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को समयबद्ध एवं उत्कृष्ट ढंग से पूर्ण करने वाले प्रगणकों को तहसील बदलापुर में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपजिला जनगणना अधिकारी/उपजिलाधिकारी बदलापुर शिव प्रताप तथा चार्ज जनगणना अधिकारी/तहसीलदार बदलापुर योगेन्द्र कुमार पाण्डेय द्वारा प्रगणक बृजेश कुमार तिवारी एवं जियालाल निषाद को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
दोनों प्रगणकों ने जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों—ग्राम भटेहरा एवं ग्राम बछुवार—में मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य को मात्र दो दिनों में पूर्ण शुद्धता एवं तत्परता के साथ संपन्न किया। अधिकारियों ने उनके कार्यकुशलता, लगन एवं दायित्व निर्वहन की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में कर्मियों एवं प्रगणकों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन से जनगणना प्रक्रिया को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त होता है।


