मछलीशहर (जौनपुर)। कोतवाली क्षेत्र में जमीन बिक्री को लेकर बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है, जिसमें पहले पिता और बाद में पुत्र द्वारा एक ही भूमि को अलग-अलग व्यक्तियों को बेचकर करीब ₹2,69,000 हड़प लेने का आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर क्षेत्राधिकारी के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमारा गांव निवासी ब्रह्मदेव शर्मा ने क्षेत्राधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि विशुनपुर गांव निवासी रविन्द्र सिंह से उन्होंने 10×100 फीट जमीन खरीदने का सौदा किया था। 10 मई 2024 को उन्होंने उक्त भूमि के एवज में ₹2,69,000 देकर बैनामा भी कराया।
पीड़ित के अनुसार जब वह जमीन का नामांतरण कराने और कब्जा लेने पहुंचे, तो पता चला कि वही आराजी पहले ही किसी अन्य व्यक्ति को बेची जा चुकी है। इस पर जब उन्होंने विक्रेता से संपर्क किया तो पहले टालमटोल किया गया और बाद में पैसे लौटाने की बात करने पर गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित ने बताया कि कई बार रुपये वापस मांगने के बावजूद आरोपी द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा से की, जिनके निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि क्षेत्राधिकारी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।


