जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में शनिवार सायंकाल कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों में लंबित शिकायतों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस के अंतर्गत प्राप्त होने वाली शिकायतों का अधिकारी स्वयं अवलोकन करें और उनका प्रभावी एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से अनिवार्य रूप से फीडबैक प्राप्त किया जाए, ताकि निस्तारण की गुणवत्ता का आकलन किया जा सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागीय अधिकारी जनशिकायतों के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गंभीरता से कार्य करें।
उन्होंने जांच अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे शिकायतों की जांच के लिए स्वयं मौके पर जाएं और तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार करें। निस्तारण आख्या में जांचकर्ता एवं संस्तुतिकर्ता अधिकारी द्वारा दिनांक, पदनाम की मोहर एवं हस्ताक्षर सहित रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही शिकायतकर्ता से फीडबैक प्राप्त करना भी सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि संयुक्त रूप से ऐसी आख्या प्रस्तुत की जाए, जिसमें किसी प्रकार की विसंगति न हो।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


