जौनपुर। सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के इनामीपुर ग्राम सभा स्थित लबीदाही गांव में पिछले छह दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 6 जून को आई तेज आंधी और तूफान के कारण तीन बिजली के खंभे टूट गए थे, जिसके चलते पूरे गांव की विद्युत व्यवस्था बाधित हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत संख्या 13062601812 और 1912 हेल्पलाइन के माध्यम से कई बार सूचना देने के बावजूद विभाग की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
बिजली आपूर्ति बाधित होने से गांव में अंधेरा छाया हुआ है और मोबाइल चार्जिंग से लेकर दैनिक जरूरतों तक के लिए लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं धान की नर्सरी के इस महत्वपूर्ण समय में सिंचाई प्रभावित होने से किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि गिरे हुए खंभे अभी तक मौके पर पड़े हैं। इस संबंध में जेई हाफिजुर रहमान ने बताया कि यह प्राकृतिक आपदा का मामला है और कार्य को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शेष क्षतिग्रस्त क्षेत्रों में लाइनमैन तेजी से काम कर रहे हैं और जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
तेज आंधी से लबीदाही गांव में बिजली संकट, छह दिनों से ठप आपूर्ति, ग्रामीण परेशान

