जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं और संबंधित विभागों को निर्माण कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा जिन परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब हो रहा है, उनमें तेजी लाकर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मापुर के पुनर्निर्माण कार्य का गुणवत्ता परीक्षण कराने के निर्देश दिए। वहीं त्रिलोचन महादेव मंदिर को दिव्य एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए जिलाधिकारी स्तर से शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। रासमंडल स्थित हनुमान मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य को शीघ्र पूरा करने, परिसर में फिनिशिंग कार्य कराने और हरियाली विकसित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने इंदिरा गांधी स्टेडियम में महिला शौचालय एवं स्विमिंग पूल को पूरी तरह क्रियाशील रखने के निर्देश दिए तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी को स्टेडियम के समुचित रखरखाव की जिम्मेदारी निभाने को कहा।
बैठक में साइबर थाना भवन के निर्माण कार्य का गुणवत्ता परीक्षण कराने के भी निर्देश दिए गए। उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम के अधिकारियों की बैठक में अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके विरुद्ध उच्च स्तर पर पत्र भेजने के निर्देश दिए।
शीतला चौकियां मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यदायी संस्था को श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्य को युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और विभाग की सभी परियोजनाओं की अलग से विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित करने की बात कही। उन्होंने सभी विभागों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को जनहित में शीघ्र संचालित कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव सहित संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।


