जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कर एवं करेत्तर की मासिक समीक्षा बैठक, एंटी भू-माफिया अभियान तथा विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व प्राप्ति बढ़ाने, सरकारी भूमि की सुरक्षा तथा लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।
कर एवं करेत्तर की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने आबकारी, राज्य कर, परिवहन, वन एवं खनन विभाग सहित विभिन्न विभागों की प्रगति का मूल्यांकन किया। उन्होंने अधिकारियों को लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत राजस्व प्राप्ति सुनिश्चित करने तथा राजस्व बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
एंटी भू-माफिया अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों की रोकथाम के लिए कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि शनिवार एवं रविवार की रात्रि में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण रोकने के लिए रोस्टरवार राजस्व निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाए। साथ ही नायब तहसीलदार, तहसीलदार एवं उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि कब्जे की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने पूर्व से गठित एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स को पुनः सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेश पर की गई पत्थरगड्डी को हटाने वालों के विरुद्ध तत्काल विधिक कार्रवाई की जाए।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि प्रत्येक माह उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी संयुक्त रूप से भूमि विवाद एवं अतिक्रमण संबंधी मामलों की समीक्षा कर उनके निस्तारण का प्रयास करें, जिससे विवादों का समयबद्ध समाधान हो सके।
जिलाधिकारी ने अविवादित एवं लंबित वादों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण तथा राजस्व न्यायालयों में पारदर्शी एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त बड़े बकाएदारों के विरुद्ध प्रभावी वसूली अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अपर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ठ, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट इन्द नन्दन सिंह सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

