• Thu. Jun 25th, 2026

    मानक विहीन सड़क निर्माण के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, कार्य रोकने की मांग

    Share

    चंदवक (जौनपुर)। आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग से बरमलपुर गांव जाने वाले पिच मार्ग के रिनुअल कार्य में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने मंगलवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने निर्माण कार्य को रुकवाकर ठेकेदार और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

    जानकारी के अनुसार, बरमलपुर गांव तक तथा राजमार्ग से पाण्डेयपुर गांव होते हुए बरमलपुर तक जाने वाली सड़क का सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा रिनुअल पिच कार्य स्वीकृत है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। सड़क पर गड्ढों को ठीक से भरे बिना ही पिच बिछाई जा रही है, जिससे पीछे से गिट्टियां उखड़कर बिखर रही हैं।

    ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद कार्य में सुधार नहीं किया जा रहा था, जिससे आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने मौके पर पहुंचकर कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में सुधार नहीं किया गया तो वे लखनऊ जाकर उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे।

    वहीं मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अवर अभियंता (जेई) मंजूर आलम ने बताया कि ग्रामीणों के विरोध की जानकारी मिली है। ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए गए हैं और सड़क का निर्माण मानक के अनुसार ही कराया जाएगा।

    प्रदर्शन में त्रिभुवन सिंह, अमन सिंह, अश्विनी कुमार सिंह, प्रबल सिंह, बृजेश सिंह, मनीष कुमार सिंह, भोले, अभिषेक दुबे, शिवम सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed